रंगदारी के लिए गोलीबारी और बमबाजी कर धमकी देने वाले मेजर सहित 4 गिरफ्तार

रंगदारी के लिए गोलीबारी और बमबाजी कर धमकी देने वाले 4 अपराधी गिरफ्तार, आधा दर्जन हथियार के साथ 56 जिंदा कारतूस और 50 हजार रुपए नगद बरामद

धनबाद : शहर के व्यावसायियों को रंगदारी के लिए गोलीबारी और बमबाजी कर धमकी देने वाले 4 अपराधियों को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसके पास से आधा दर्जन हथियार के साथ 56 जिंदा कारतूस और 50 हजार रुपए नगद बरामद की गई है। यह जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता आयोजन कर दी। उन्होंने बताया कि प्रिंस खान के नेक्सस को तोड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम मे ये सफलता मिली है।

मेजर खान के नाम पर दी जाती थी धमकी

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार नसीम अंसारी खुद को मेजर खान बता कर व्यवसाईयों को धमकी देता था। इससे पहले वह जेल भी जा चुका है। 8 साल से वह जेल में था। फिलहाल पेरोल पर बाहर निकला था। इसके बाद इस तरह की घटना को अंजाम दे रहा था। उन्होंने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम में कुछ सफेदपोश लोग एवं कुछ खुद को पत्रकार कहने वाले फ़र्ज़ी पत्रकार भी शामिल है, जो चिठी को वायरल करने का काम करते है। ऐसे कई नाम सामने आ रहे हैं जिनकी अभी जांच की जा रही है। जिसके भी खिलाफ सबूत पाए जाएंगे, उन पर कार्रवाई होगी।

हथियार सप्लायर और व्यवसायियों का नाम भेजने वाला भी गिरफ्तार

अनुसंधान के क्रम में पता चला कि मेजर खान के नाम पर चिट्ठी वायरल करने वाला प्रिंस खान का गुर्गा नसीम अंसारी पश्चिम बंगाल में रह रहा है और वहां से ही सारी घटना को अंजाम दे रहा था। वही विकास सिंह हथियार सप्लाई करता था। इसके अलावा राजू अंसारी व्यवसायियों का नंबर इकट्ठा करता था, जिसे नसीम अंसारी को दिया जाता था और वह प्रिंस खान को भेज देता था। जहां से प्रिंस खान व्यवसाईयों को धमकी देता था। इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पकड़े गए अपराधियों में नसीम अंसारी नया मोहल्ला आसनसोल पश्चिम बंगाल में रहता था लेकिन इसका स्थाई घर कतरास के छाताबाद का है। दूसरा अपराधी सद्दाम अंसारी जो नसीम का रिश्तेदार था और वह नसीम का सारा काम देखता था। यह गिरिडीह का रहने वाला है। वहीं तीसरा अपराधी राजू अंसारी धनबाद के जोगता का रहने वाला है। वहीं चौथा अपराधी विकास सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।

The Mirchi News
Author: The Mirchi News

यह भी पढ़ें