



आज झारखंड में महागठबंधन को फिर से पूर्ण बहुमत मिलने के बाद झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अभिजीत राज के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने खुशी का इज़हार किया। इस अवसर पर रणधीर वर्मा चौक, धनबाद में पटाखे फोड़े गए, आतिशबाजी की गई और मिठाई बांटी गई। कार्यकर्ताओं ने राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया और हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार बनने पर उत्सव मनाया।
इस मौके पर अभिजीत राज ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “झारखंड की जनता ने एक बार फिर महागठबंधन पर विश्वास जताया है, और हम इसके लिए आभारी हैं। यह जीत कांग्रेस, जेएमएम, राजद, माले और अन्य महागठबंधन दलों की जीत है। भाजपा ने जिस तरह से चुनाव लड़ा और जिन मुद्दों को उठाया, झारखंड की जनता ने उन्हें नकारा। भाजपा का घुसपैठी का नारा झारखंड की जनता ने स्वीकार नहीं किया, बल्कि भाजपा के नेताओं को ही घुसपैठिया करार दिया। यह जनता का एक बहुत बड़ा संदेश है कि वे अब भाजपा की राजनीति को खारिज कर चुके हैं।”
अभिजीत राज ने आगे कहा, “हम सभी का कर्तव्य है कि हम फिर से राज्य की सेवा में जुट जाएं। धनबाद, बाघमारा और झरिया विधानसभा सीटों पर हमारी हार हुई है, हमें इस पर अफसोस है, लेकिन हम इस संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। हम फिर से इन सीटों पर अपनी पूरी ताकत के साथ जनता का विश्वास जीतने का काम करेंगे। हम निरसा, सिंदरी और टुंडी की जनता का भी धन्यवाद करते हैं जिन्होंने महागठबंधन पर विश्वास जताया और हमें जीत दिलाई।”
उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन की सरकार सिर्फ सत्ता की कुर्सी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह झारखंड की जनता के लिए एक नई उम्मीद और भविष्य की शुरुआत है। “हमारी प्राथमिकता राज्य के विकास और जनता के कल्याण के लिए काम करना है। हम एक मजबूत और समृद्ध झारखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें मुख्य रूप से दिलीप राम, मनोज यादव, मंटु दास, अमित चौधरी, बबलू दास, राजु दास, रिशिकांत यादव, गोपाल कृष्ण चौधरी, कैलाश दास, राजेश तुरी, महावीर महतो, देवेन्द्र पासवान, तरुण कुमार, अजय दास, रंजन कुमार आदि शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महागठबंधन की सरकार की सफलता का जश्न मनाया और राज्य की जनता के प्रति अपनी आभार प्रकट किया।
